
यशभारत। जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी। जानकारी के अनुसार, इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के 3 से 4 आतंकियों के छिपे होने की खबर थी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान आतंकियों ने अचानक फायरिंग कर दी, जिसमें एक अधिकारी समेत तीन जवान घायल हो गए। वहीं सुरक्षाबलों ने आतंकी को ढेर कर दिया है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और आतंकियों की तलाश जारी है। मुठभेड़ सुबह 8 बजे शुरू हुई। सर्च ऑपरेशन में जब आतंकियों ने देखा कि वे घिर गए हैं तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने गुडार वन क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलियां चलाने के बाद तलाश अभियान मुठभेड़ में बदल गया। सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ अभी जारी है। दो से तीन आतंकियों के घिरे होने की आशंका है। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से गोलियां चल रही हैं। हालांकि, यहां कितने लोग मौजूद हैं।फिलहाल मामले में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है। भारतीय सेना की चिनार कोर ने एक्स पर पोस्ट किया कि सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दिए जाने पर, आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद भीषण गोलीबारी हुई, जिसके दौरान एक आतंकवादी मारा गया और एक जूनियर कमीशन अधिकारी घायल हो गया।






