शादी से मना किया तो चाकू से युवती की नाक काटी -आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज

शादी से मना किया तो चाकू से युवती की नाक काटी
-आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
गांधी नगर इलाके में एक युवती को उसका रिश्ते का भाई अपने साथ बात करने के लिए स्कूटी पर बैठाकर ले गया और शादी का दबाव बनाने लगा। जब युवती ने विरोध करते हुए शादी करने से मना कर दिया तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर नाक काट दी और फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
टीआई ब्रजेंद्र मस्कोले ने बताया कि 22 वर्षीय युवती गांधीनगर में रहती है। 12वीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद घर में रहती थी। उसका रिश्ते का भाई रमेश(परिवर्तित नाम) लंबे समय से उससे शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन हर बार युवती उसे मना कर देती। कल दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जब युवती पैदल घर से कहीं जा रही थी, तभी उसे ऐरोसिटी पार्क के पास आरोपी युवक ने रोक लिया। इतना ही जबरदस्ती उसे अपनी स्कूटी पर बिठा लिया और ऐरोसिटी पार्क के पास लेकर पहुंचा। जहां पर युवक ने युवती पर शादी करने का दबाव बनाते हुए कहा कि तू मुझसे शादी करेगी या नहीं, जब युवती ने विरोध करते हुए उससे शादी करने से मना कर दिया तो आरोपी ने स्कूटी की डिग्गी से चाकू निकाला और युवती पर हमला कर उसकी नाक काट दी और भाग गया। खून से लथपथ हालत में युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। साथ ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






