देश के सभी रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में होगी लापता अर्चना तिवारी की खोज

देश के सभी रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में होगी लापता अर्चना तिवारी की खोज
भोपाल यशभारत। सिविल जज की तैयारी कर रही कटनी निवासी अर्चना तिवारी का सुराग लगाने के लिए देश भर के रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सर्चिंग अभियान चलाया जायेगा। जीआरपी अमला स्थानीय पुलिस के साथ तलाश करेगी। वहीं इंदौर के हॉस्टल में रहने वालों से भी जानकारी ली जाएगी। इंदौर से कटनी के लिए नर्मदा एक्सप्रेस में सवार होकर निकली अर्चना तिवारी का 8 दिन बीत जाने के बावजूद भी कुछ पता नहीं चल सका है। कटनी की रहने वाली अर्चना तिवारी 7 अगस्त को रक्षाबंधन मनाने के लिए अपनी घर जाने वाली ट्रेन से लापता हो गई थी। भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन स्थित जीआरपी ने 8 दिन बीत जाने के बावजूद अर्चना का कोई सुराग नहीं मिलने पर देशभर के सभी एसएचओ और एसपी को ऑल इंडिया सर्चिंग आदेश जारी कर दिया है। ये आदेश रेलवे जीएम की ओर से जारी किए गए हैं। भोपाल, मंडीदीप , नर्मदापुरम, इटारसी में खोज की गई लेकिन अर्चना का सुराग नहीं लगा।







