भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल में किराया बढ़ाने और एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी के खिलाफ सड़क पर उतरे टैक्सी चालक

भोपाल में किराया बढ़ाने और एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी के खिलाफ सड़क पर उतरे टैक्सी चालक

भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल में किराया बढ़ाने की मुख्य मांग को लेकर बुधवार को टैक्सी चालकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। विभिन्न संगठनों के आह्वान पर बड़ी संख्या में चालकों ने शहर के बोर्ड ऑफिस चौराहा पर अपनी टैक्सियां खड़ी कर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। चालकों की हड़ताल से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारी चालकों की प्रमुख मांगों में न्यूनतम और प्रति किलोमीटर किराए में बढ़ोतरी, ओला-उबर जैसी ऐप-बेस्ड एग्रीगेटर कंपनियों की मनमानी और भारी कमीशन पर रोक लगाना शामिल है। इसके अलावा, चालकों ने कमर्शियल उपयोग में लाए जा रहे प्राइवेट वाहनों पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने की भी मांग की है।

गौरतलब है कि हड़ताल से एक दिन पहले मंगलवार को परिवहन विभाग के अधिकारियों और टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों के बीच वार्ता आयोजित की गई थी, लेकिन यह वार्ता बेनतीजा रही। यूनियन प्रतिनिधियों के अनुसार, बुधवार को सभी संगठनों के पदाधिकारी मध्य प्रदेश के परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात करेंगे। मंत्री के साथ होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक के बाद ही टैक्सी चालक अपने आंदोलन की आगे की रूपरेखा और अगला कदम तय करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button