किसान का ट्रैक्टर उड़ाने वाले दो शातिर चोर दबोचे, 7 लाख का माल बरामद
पुलिस की तेज़ कार्रवाई से गांव में राहत

जबलपुर, यशभारत। गांव के मेहनतकश किसान का ट्रैक्टर उड़ाने वाले दो शातिर चोर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। तिलवारा थाना पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में पीछा कर चोरी हुआ ट्रैक्टर और घटना में इस्तेमाल हुई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली। बरामदगी की कुल कीमत लगभग 7 लाख रुपये है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने न सिर्फ पीड़ित किसान को राहत दी, बल्कि गांव में फैले डर के माहौल को भी खत्म कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी – किस्मत ने दिया धोखा
1. दीपक ठाकुर उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम सरसला, तहसील करेली, जिला नरसिंहपुर।
2. दीपचंद उर्फ दीपक यादव उर्फ दिप्पा , निवासी सिवनी टोला, तिलवारा, हाल ग्राम बंधी, थाना सुआतला, जिला नरसिंहपुर।

वारदात – रात के सन्नाटे में ट्रैक्टर गायब
ग्राम सिवनी टोला में किसान का ट्रैक्टर रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना तिलवारा में अपराध क्र. 285/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत्त उपाध्याय (भा.पु.से), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दक्षिण सुश्री पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन ने टीम को आरोपी को पकड़ने का आदेश दिया।
जांच – कैमरों में कैद हुए सुराग
थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के निर्देशन में बनी विशेष टीम ने घटना स्थल के CCTV खंगाले और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जल्द ही पुलिस को पता चला कि दीपचंद यादव वारदात से पहले गांव में देखा गया था।संदेह के आधार पर दीपक ठाकुर को दबोचकर जब सख्ती से पूछताछ हुई, तो उसने अपने साथी दीपक यादव और सिद्धार्थ अग्रवाल के साथ ट्रैक्टर चोरी की वारदात कबूल कर ली।
बरामदगी – पुलिस के हत्थे चढ़े सबूत
आरोपी दीपक ठाकुर से चोरी का स्वराज 735 FE ट्रैक्टर और दीपक यादव से वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई। दोनों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के हवाले किया जा रहा है।
पुलिस की जीत – टीमवर्क का कमाल
इस सफलता में थाना प्रभारी तिलवारा बृजेश मिश्रा, उप-निरीक्षक अभिषेक कैथवास, प्र.आर. सतीश शुक्ला, प्र.आर. जयशंकर चौहान और आर. पीन्टू कुमार की भूमिका काबिले-तारीफ रही।







