भोपाल

झूले पर झूलते वक्त गले में फंदा कसने से किशोर की मौत -अलग-अलग स्थानों पर विवाहिता समेत तीन ने फांसी लगाई

झूले पर झूलते वक्त गले में फंदा कसने से किशोर की मौत
-अलग-अलग स्थानों पर विवाहिता समेत तीन ने फांसी लगाई
भोपाल, यशभारत।
हबीबगंज इलाके में एक बारह वर्षीय किशोर की झूला झूलते वक्त गले में झूले की साड़ी का फंदा कसाने से मौत हो गई। वहीं अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जबकि निशातपुरा और छोला मंदिर क्षेत्र में दो युवकों ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
एसआई नारायण सिंह ठाकुर ने बताया कि सांई बाबा नगर ग्यारह नंबर स्टाप निवासी देव विश्वकर्मा पुत्र ओम प्रकाश(12) स्कूली छात्र था। सावन के महिने में उसके घर के आगे बच्चों को झूलने के लिए साड़ी का झूला बांधा गया था। कल शाम करीब साढ़े पांच बजे देव अपने दोस्तों के साथ घर के सामने डले झूले पर झूल रहा था। तभी साड़ी का फंदा उसके गले में कसा गया। जिससे वह बेसुध हो गया। घटना का पता चलने पर परिजनों ने उसे तुरंत एम्स में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नवविवाहिता ने फांसी लगाई:-
अशोका गार्डन थाना के एएसआई सी. पन्ना ने बताया कि राजीव नगर निवासी मोनिका पति सोनू(18) गृहणी थी। पिछले वर्ष दिसंबर माह में उसने सोनू के साथ आर्य समाज मंदिर से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से दोनों साथ रह रहे थे। मंगलवार को उसने अपने घर में फांसी लगा ली थी। घटना का पता चलने पर पति सोनू ने उसे फंदे से उतारकर हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर उपचार के दौरान उसकी कल मौत हो गई। पुलिस को मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतका के मायके पक्ष के बयानों के बाद ही कारणों का खुलासा होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।

पत्नी के मायके जाने से दुखी युवक फांसी के फंदे पर झूला:-
निशातपुरा थाना के एसआई राजेन्द्र सोलंकी ने बताया कि न्यू ग्लेक्सी कॉलोनी पलासी करोंद निवासी सोहन सिंह पुत्र हरि सिंह(30) मोबाइल सिम बेचने का काम करता था। बुधवार को उसने अपने घर में फांसी लगाकर कर खुदकुशी कर ली। पुलिस को शुरूआती जांच में पता चला है कि वर्ष 2019 में उसकी शादी हुई थी। इसके कुछ समय बाद आपसी अनबन के कारण पत्नी अपने माता-पिता के साथ मायके जाकर रहने लगी थी। इसके बाद से वह दुखी चल रहा था। परिजनों के कहने के बाद ही वह पत्नी को लेने नहीं जा रहा था, उसका कहना था कि उसकी पत्नी स्वंय अपने मायके गई है तो वह उसे लेने नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, छोला मंदिर थाना पुलिस ने बताया कि भारत(33) ने इरानी डेरा में कल रात अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। इसी तरह निशातपुरा रेलवे पटरी के किनारे से छोला मंदिर थाना पुलिस ने एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया है। जिसकी उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मृतक की पहचान के प्रयास शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button