भोपाल

कुख्यात बदमाश यासीन मजिस्ट्रेट का गुर्गा देशी कट्टे के साथ पकड़ाया -बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचा था आरोपी यासीन

कुख्यात बदमाश यासीन मजिस्ट्रेट का गुर्गा देशी कट्टे के साथ पकड़ाया
-बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचा था आरोपी यासीन, दोनों आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
जहांगीराबाद थाना पुलिस ने कल शहर के कुख्यात बदमाश यासीन मजिस्ट्रेट के एक गुर्गे को देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। घटना के वक्त वह बिना हेलमेट के पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचा था, जहां पर पंप के कर्मचारियों से उसकी कहासुनी हो गई थी। तभी किसी ने पुलिस को आरोपियों के पास कट्टा होने की सूचना दी थी। इससे पहले की पुलिस पंप पर पहुंच पाती, आरोपी यासीन वहां से स्कूटी लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी यासीन की तलाश शुरू कर दी है।
एसआई रामसजीवन वर्मा ने बताया कि कल तडक़े पुलिस को सूचना मिली थी कि चिकलोद रोड जहांगीराबाद स्थित राजधानी पेट्रोल पंप पर स्कूटी सवार दो युवक बिना हेलमेट के पेट्रोल भरवाने पहुंचे हैं, जो बिना हेलमेट के पेट्रोल न देने पर पंप के कर्मचारियों से विवाद कर रहे हैं। तभी गश्त पर तैनात पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पर एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। मौके पर ही तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का देशी कट्टा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी की पहचान दुर्गा चौक तलैया निवासी प्रिंस शर्मा पुत्र खेमराज(31) के रूप में की है। वह मूलत: मुगावली जिला अशोक नगर का रहने वाला है और कैटरिंग का काम करता है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी यासीन मजिस्ट्रेट के साथ स्कूटी में पेट्रोल भरवाने पहुंचा था, यासीन ने ही उसे अपना कट्टा रखने को दिया था। पुलिस ने प्रिंस शर्मा को गिरफ्तार कर उसके पास से देशी कट्टा जब्त कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी प्रिंस और यासीन मजिस्ट्रेट के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर फरार यासीन की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी यासीन शहर का कुख्यात बदमाश है और उसका पिता रईस रेडियो इन दिनों मादक पर्दाथ की तस्करी के मामले में जेल में बंद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button