पड़ोसी महिला के नगदी व जेवरात हड़प गए दंपति -पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ दर्ज किया केस

पड़ोसी महिला के नगदी व जेवरात हड़प गए दंपति
-पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ दर्ज किया केस
भोपाल, यशभारत।
बैरागढ़ इलाके में रहने वाले दंपति ने अहमदाबाद से आई उनकी पुरानी पड़ोसन के हजारों रूपए नगदी और सोने के जेवरात हड़प कर लिया। करीब तीन माह हपले महिला अपने पुराने पड़ोसी के यहां आकर रूकी थी। तब उसने पड़ोसी महिला को नगदी और जेवरात रखने के लिए थे, लेकिन अगले दिन जब उसने पैसा और जेवरात मांगे तो महिला ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। तंग आकर फरियादी महिला ने पुलिस को मामले की शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
थाना पुलिस ने बताया कि अहमदाबाद निवासी मधु गिदवानी पति प्रकाश गिदवानी(47) गृहणी हैं। वह पूर्व में बैरागढ़ के सीआरपी इलाके में रहती थीं। कुछ समय पहले वे परिवार के साथ अहमदाबाद में शिफ्ट हो गईं। बैरागढ़ में उनके पड़ोस में दीपा मोदवानी व गोपाल मोदवानी रहते थे। पड़ोस में रहने के कारण दोनों के परिवारों के बीच अच्छे संबंध थे। मधु जब भी अहमदाबाद से भोपाल आतीं तो अपनी पुरानी पड़ोसन दीपा मोदवानी के घर पर ही रुकती थीं। अप्रैल माह में भी मधु भोपाल आईं और दीपा के घर ठहर गईं। रात में सोते समय मधु ने 26 हजार 500 रुपए व अपने डेढ़ लाख रूपए कीमती सोने के जेवर दीपा को दिए रखने के लिए दिए थे। अगले दिन जब उन्होंने नगदी व जेवर वापस मांगे तो दीपा ने बहानेबाजी करना शुरू कर दी। चंूकि मधु को उसी दिन अहमदाबाद के लिए रवाना होना था, इस कारण वह नगदी व जेवरात वापस नहीं ले पाई। उन्होंने अहमदाबाद से फोन कर दीपा से नगदी व जेवर मांगे लेकिन वह लगातार टालमटोली करती रही। पिछले दिनों वे भोपाल आईं तो भी उनके जेवर व नगदी नहीं मिले। इस पर उन्होंने मामले की शिकायत बैरागढ़ थाने में कर दी। पुलिस ने जांच के बाद दीपा और गोपाल गिदवानी के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर लिया है।







