एमपी नगर के सागर प्लाजा में बड़ा हादसा, चौथी मंजिल से गिरी लिफ्ट, 7 घायल

एमपी नगर के सागर प्लाजा में बड़ा हादसा, चौथी मंजिल से गिरी लिफ्ट, 7 घायल
भोपाल, यशभारत। राजधानी के व्यस्त व्यावसायिक इलाके एमपी नगर जोन-2 स्थित सागर प्लाजा में बुधवार को एक हादसा हो गया। यहाँ बिल्डिंग की लिफ्ट चौथी मंजिल से अचानक नीचे आ गिरी, जिससे उसमें सवार 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बिल्डिंग में अफरा-तफरी मच गई।
क्षमता से अधिक सवार थे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। माना जा रहा है कि ओवरलोडिंग के कारण लिफ्ट का केबल अचानक टूट गया या तकनीकी खराबी आ गई, जिससे वह सीधे नीचे जा गिरी। घायलों में कुछ की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
प्रबंधन की लापरवाही का आरोप
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बिल्डिंग प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घायलों को आनन-फानन में स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
पुलिस और प्रशासन की जांच शुरू
सूचना मिलते ही एमपी नगर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और बिल्डिंग के मेंटेनेंस रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच के बाद प्रबंधन की जवाबदेही तय की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







