सम्मानपूर्वक विदाई : देहदानी आनंद मोहन वर्मा को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई

जबलपुर, यश भारत।
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार, देहदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को गार्ड ऑफ ऑनर सम्मान देने की परंपरा का पालन करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस चिकित्सा महाविद्यालय, जबलपुर में एक ऐतिहासिक क्षण देखा गया।
410, जवाहरगंज खोवा मंडी निवासी श्री आनंद मोहन वर्मा, उम्र 98 वर्ष, पुत्र श्री अंबा प्रसाद वर्मा, का पार्थिव शरीर उनके परिजनों की इच्छानुसार 18 जुलाई 2025 को एनाटॉमी विभाग को अध्ययन हेतु देहदान किया गया। यह वर्ष 2025 का दसवां देहदान है।
मध्यप्रदेश में यह पहला अवसर रहा जब किसी देहदानी को उनके परिजनों की उपस्थिति में औपचारिक रूप से गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। यह सम्मान नेताजी सुभाष चंद्र बोस चिकित्सा महाविद्यालय, जबलपुर द्वारा दिया गया, जिससे संस्था ने राज्य में एक अनुकरणीय पहल की शुरुआत की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. डॉ. नवनीत सक्सेना, एनाटॉमी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. नटवर अग्रवाल, प्रो. डॉ. एस. के. वर्मा, एएसआई श्री अनंग देव त्रिपाठी, दिवंगत देहदानी के परिजन तथा विभाग के समस्त सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा को नमन किया।







