भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल के स्वागत की पुरजोर तैयारी स्वागत रैली भी निकलेगी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल के स्वागत की पुरजोर तैयारी स्वागत रैली भी निकलेगी
वरिष्ठ नेताओं से भी करेंगे मुलाकात

जबलपुर यश भारत। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का आज प्रथम नगर आगमन हो रहा है जिसको लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है और उनके स्वागत की अभूतपूर्व तैयारी की गई है। जानकारी के अनुसार श्री खंडेलवाल दोपहर 2:00 बजे सड़क मार्ग से जबलपुर आएंगे और अंधमूक बायपास पर उनका भाजपा नगर और ग्रामीण के द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद एक स्वागत रैली भी निकल जाएगी जिसके लिए बाकायदा एक रथ भी भारतीय जनता पार्टी के द्वारा तैयार कराया गया है। बाईपास से प्रारंभ होकर रैली त्रिपुरी चौक सूपाताल शारदा चौक लिक मदन महल चौक नागपाल गार्डन शंकराचार्य चौक छोटी लाइन फाटक से शास्त्री ब्रिज ब्लूम चौक तीन पत्ती होते हुए मानव भवन पहुंचेगी जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित है।

इस कार्यक्रम में उपस्थित जनों को श्री खंडेलवाल संबोधित करेंगे। भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर और ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल के साथ ही सांसद सभी विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान श्री खंडेलवाल पूर्व सांसद जय श्री बनर्जी वरिष्ठ भाजपा नेता रविनंदन सिंह की निवास पर भी जाएंगे और उनसे सौजन्य भेंट करेंगे। इसके अलावा श्री खंडेलवाल रात्रि में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निवास पर भोजन के उपरांत 11:30 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।







