Breaking news:जबलपुर मेडिकल अस्पताल में कोविड संक्रमित गर्भवती महिला की मौत

जबलपुर, यश भारत।– शहर में कोरोना संक्रमण फिर से सिर उठाता नजर आ रहा है। जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती एक कोविड पॉजिटिव गर्भवती महिला की रविवार सुबह मौत हो गई। यह घटना न सिर्फ स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि शहर में दोबारा फैल रहे संक्रमण की गंभीरता को भी दर्शाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला को गर्भवस्था के दौरान गायनिक विभाग में भर्ती कराया गया था। उसने शल्य चिकित्सा (पोस्टऑप एलएससी) के बाद स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया था। हालांकि ऑपरेशन के दूसरे ही दिन उसमें कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे तुरंत कोविड वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, मरीज को शनिवार रात करीब 9 बजे कोविड वार्ड में शिफ्ट किया गया था। वेंटिलेटरी सपोर्ट की आवश्यकता होने पर एनेस्थीसिया विशेषज्ञों से सलाह ली गई। लेकिन रविवार सुबह मरीज की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। ऑक्सीजन सैचुरेशन तेजी से गिरा और ईसीजी में वेंट्रिकुलर टैचीकार्डिया (दिल की धड़कन का खतरनाक रूप से तेज होना) दर्ज किया गया। मरीज को बचाने के लिए एमियोडेरोन नामक दवा बाहर से मंगवाने की कोशिश की गई, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे सुबह 9:30 बजे मृत घोषित कर दिया गया। महिला में पोस्टऑप एलएससी, पीपीआईयूसीडी, पीपीआरओएम, पीटीएलपीएस, पिछले सिजेरियन सेक्शन के साथ-साथ सार्स कोविड-2 संक्रमण, रेस्पिरेटरी फेल्योर और शॉक जैसे जटिल लक्षण एक साथ देखने को मिले, जिसने स्थिति को और गंभीर बना दिया। चिंता की लहर: इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। जिले में कोविड के दो और नए मामले सामने आए हैं, जिससे एक्टिव केस बढ़कर 3 हो गए हैं।






