जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

क्रिकेटर कुलदीप यादव ने वंशिका से की सगाई, बचपन की दोस्त हैं मंगेतर

दुनिया के दिग्गज बल्लेबाजों को स्पिन गेंदबाजी से छकाने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने बुधवार को कानपुर की वंशिका अरोड़ा से सगाई कर ली। लखनऊ स्थित एक होटल में कार्यक्रम हुआ। वंशिका उनके बचपन की दोस्त हैं। सगाई में परिवार के अलावा रिश्तेदार और खास दोस्त शामिल हुए। अंगूठी पहनाने के दौरान सभी ने तालियां बजाकर खुशी मनाई। इस दौरान सिक्सर किंग के नाम से मशहूर क्रिकेटर रिंकू सिंह भी अपनी होने वाली मंगेतर व सांसद प्रिया सरोज के साथ मौजूद रहे।

इंग्लैंड दौरे पर जाने से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य व कानपुर के लाल बंगला के रहने वाले कुलदीप यादव ने सादगी के साथ सगाई कर ली है। आईपीएल में अपने विकेटों का शतक पूरा करने वाले कुलदीप नॉकआउट में बाहर हुई दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा रहे। पांच जून की सुबह कुलदीप इंग्लैंड दौरे के लिए भी रवाना हो जाएंगे। इंग्लैंड में 20 जून से उन्हें पहला टेस्ट खेलना है।

कुलदीप के करीबियों ने बताया कि वंशिका भी लाल बंगला की रहने वाली हैं और उनके बचपन की दोस्त हैं। वह ऑस्ट्रेलिया में जॉब करती हैं। पहले जून में ही सगाई के बाद शादी भी होनी थी लेकिन कुलदीप के इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का सदस्य चुने जाने के बाद शादी का कार्यक्रम बाद में रखा गया है, हालांकि इसकी तिथि अभी तय नहीं है।
8 जून को रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई

भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह की शादी जौनपुर की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद प्रिया सरोज से तय हो गई है और दोनों की रिंग सेरेमनी (सगाई की रस्म) आठ जून को लखनऊ में होगी।

प्रिया सरोज के पिता और जौनपुर के केराकत विधानसभा सीट से सपा विधायक तूफानी सरोज ने बताया कि रिंग सेरेमनी में परिवार के सदस्य करीबी मित्र और रिश्तेदार शामिल होंगे। शादी परंपरागत तरीके से इसी साल 18 नवंबर को वाराणसी के होटल ताज में होगी। इस शादी समारोह में क्रिकेट जगत के सितारे, बॉलीवुड हस्तियां, उद्योगपति और प्रमुख राजनेताओं को आमंत्रित करने की तैयारी चल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button