पुरानी रंजिश में युवक की निर्मम हत्या, रांझी सर्रा पीपर में आधी रात तलवार, चाकू और राड से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट,
क्षेत्र में सनसनी

जबलपुर, यश भारत। जबलपुर के उपनगरीय क्षेत्र रांझी स्थित सर्रा पीपर इलाके में पुरानी रंजिश के चलते बीती रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आधी रात को हुई इस वारदात में हमलावरों ने तलवार, चाकू और राड जैसे धारदार हथियारों से पीट-पीटकर युवक को मौत के घाट उतार दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर प्रारंभिक कार्रवाई के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान सुमित पिता दीपक चौधरी के रूप में हुई है, जो रांझी सर्रा पीपर का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि सुमित का क्षेत्र के ही कुछ लोगों से पुराना विवाद चला आ रहा था, जिसके कारण उनके बीच रंजिश थी।
बीती रात करीब आधी रात को चार-पांच लोग तलवार, राड और लाठियों से लैस होकर सुमित के घर पहुंचे और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने सुमित को तब तक पीटा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, बताए आरोपियों के नाम
मृतक सुमित के परिजनों ने पुलिस को कुछ नाम बताए हैं, जिनके आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। परिजनों के अनुसार, हमलावरों में हेमंत तिवारी, मार्टिन अन्ना, मनोज तिवारी और अभिषेक फ्रांसिस शामिल थे।
मृतक के चाचा गुरुचरण चौधरी ने पुलिस को बताया है कि उनका भतीजा सुमित घर में था, तभी हमलावर हथियार लेकर उसके घर में घुसे, गाली-गलौज की और सुमित को घर से उठाकर ले गए। उनका आरोप है कि हमलावर सुमित को अपने घर ले गए और वहां बांधकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
पूर्व में भी हो चुके हैं विवाद, पुलिस पर खानापूर्ति का आरोप
सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों और मृतक के परिवार के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुके थे। आरोप है कि हर बार पुलिस ने काउंटर मामला दर्ज कर खानापूर्ति कर ली थी, जिसकी वजह से आज यह गंभीर वारदात हो गई।
एस.आई. बलवीर सिंह ने बताया है कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रांझी पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटना की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और उनका कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दूसरी ओर, घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल है, जिस पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है।






