बढ़ा अपराधिक वारदातों का ग्राफ, पांच दिन में तीन हत्याओं की सनसनी, ऑटो चालक की हत्या के आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। शहर में एक बार फिर अपराधिक वारदातों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। पिछले पांच दिन में हत्या की तीन वारदातों से हडक़म्प मच गया है। कुठला, एनकेजे के बाद मंगलवार की दोपहर कोतवाली थाना क्षेत्र के बस स्टैंड पुलिस चौकी के अंतर्गत दिन दहाड़े एक ऑटो चालक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मामूली विवाद को लेकर हत्या जैसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। एक तरफ नाइट कॉम्बिंग गश्त चल रही है तो वहीं दूसरी तरफ असामाजिक तत्व गंभीर वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के समक्ष चुनौती पेश कर रहे। ऐसी ही एक वारदात मंगलवार की दोपहर बस स्टैंड पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत इंडिया होटल के समीप घटित हुई, जिसमे ऑटो में सवारी भरने को लेकर दो दिन पहले हुए विवाद के बाद एक ऑटो चालक को रोककर उस पर चाकू से हमला करते हुए निर्मम हत्या कर दी गई। चाकूबाजी के शिकार युवक की शासकीय जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जाता है कि लगभग आधा दर्जन चाकू के वार मृतक के शरीर पर मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी आशीष शर्मा एवं बस स्टैंड चौकी प्रभारी अंकित मिश्रा अस्पताल पहुंच गए। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहरुआ निवासी 36 वर्षीय लकी गुप्ता पिता स्वर्गीय प्रमोद गुप्ता ऑटो चलाकर जीवन-यापन करता था। 2 दिन पहले ऑटो में सवारी भरने की बात को लेकर उसका अहमद नगर निवासी सुमित बर्मन व आर्यन बर्मन से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान मारपीट भी हो गई थी, जिसके कारण लकी के सिर पर चोट भी आई थी और इस घटना की शिकायत बस स्टैंड चौकी में कराई गई थी। बताया जाता है कि मंगलवार की दोपहर 2 बजे आरेापियों ने लकी को इंडिया होटल के समीप बात करने के बहाने बुलाया और उस पर दनादन चाकू से हमला करना शुरू कर दिया। लकी के ऊपर एक दर्जन से अधिक चाकू से वार किए गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात में घायल युवक को शासकीय जिला अस्पताल लाया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। कोतवाली टीआई आशीष शर्मा ने बताया कि आर्यन बर्मन एवं सुमित बर्मन के खिलाफ धारा 103(1) 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।






