नटवरलाल को पुलिस ने दबोचा : लोन दिलाने के नाम पर ठग लिए 1.37 लाख की रकम
- प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना का एजेंट बताकर दिला रहा था लोन

मंडला। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना का एजेंट बताकर भोले भाले लोगों से 1.&7 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया। आरोपी दीपक सिंह परिहार (34) पिता हरप्रसाद परिहार के विरूद्ध स्वयं को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का लोन एजेंट बताकर करीब सात लोगों से 1.37 लाख रुपये की ठगी की शिकायत प्राप्त हुई थी। इस पर बिछिया पुलिस ने आरोपी को गंगानगर जबलपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
बताया जा रहा है कि रमेश कुमार पाटिल, राजेश कुमार धुर्वे, विशाल कुमार पारधी, बालवीर मरावी, रामकुमार पन्दे, राजेश यादव और जानकी परते ने एसपी को अपने साथ हुई ठगी की शिकायत की थी।
जिसमें उन्होंने बताया था कि दीपक सिंह परिहार निवासी सागर वर्तमान निवास जबलपुर ने स्वयं को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में लोन एजेंट बताया। उसने 1 लाख रुपए के लोन कराने के लिए एक व्यक्ति को सर्विस चार्ज के रूप में 3500 रुपए और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का एजेंट बनने के लिए 5500 रुपए एक व्यक्ति का बताकर अलग-अलग लोगों से कुल 1 लाख 37 हजार रुपए की ठगी की। आरोपी ने पैन कार्ड, आधार कार्ड पासबुक फोटो, समग्र आईडी के दस्तावेज जमा कराकर फरार हो गया।इसी दौरान सूचना के आधार पर बिछिया पुलिस ने गंगानगर जबलपुर से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में ठगी के रुपयों से फोर्ड कंपनी की कार खरीदना बताया। पुलिस ने कार क्रमांक सीजी 04 एचबी 7898 को जप्त किया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।







