वर्ल्ड रिकॉर्ड: मेंहदी से बनाई तिरूपति बालाजी की आकर्षक पेंटिंग.. World Record

गिनीज बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ जबलपुर की दीक्षा का नाम
लंदन से जबलपुर आया सर्टिफिकेट
यशभारत से कहा…3 माह में तैयार की गई थी पेंटिंग

जबलपुर,यशभारत। आमतौर पर मेहंदी का इस्तेमाल सजने , संवरने और खूबसूरत दिखने के लिए किया जाता है, लेकिन इसी मेहंदी से अगर आइवरी शीट पर तिरूपति बालाजी की आकर्षक पेंटिंग बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा ले तो यह वाकई काबिले तारीफ है। जी हां… जबलपुर के गुप्तेश्वर में रहने वाली कलाकार दीक्षा गुप्ता ने ये कारनामा करके शहर व अपने परिवार का नाम विश्व में रोशन किया है। दीक्षा ने 12 आइवरी शीटों को जोड़कर उसमें मेंहदी से 9 फीट लंबी और 6 फीट चौड़ी तिरूपति बालाजी की आकर्षक पेंटिंग तैयार की है जिसके कारण उनका नाम गिनीज बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। अपने द्वारा बनाई हुई अन्य पेंटिंगों के जरिए दीक्षा इससे पहले भी इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा चुकी हैं। तिरुपति बालाजी की 9 फुट ऊंची मेहंदी की पेंटिंग बनाने में करीब 3 माह का वक्त लगा है जिसमें 2 किलो मेहंदी का उपयोग किया गया है।
8 जून को लंदन से आया था सर्टिफिकेट
कलाकार दीक्षा गुप्ता ने यशभारत को बताया कि 8 जून को लंदन से उन्हें गिनीज बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है जिसके बाद वे और उनका पूरा परिवार बेहद खुश है।
आपदा को बनाया था अवसर
गुप्तेश्वर निवासी संजय गुप्ता, पुष्पा गुप्ता की बेटी दीक्षा गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2020 में कोरोना के कारण हुए लॉकडाउन में उन्होनें पेंटिंग की शुरूआत की और आपदा को अवसर मानकर ये मुकाम आज हासिल कर लिया।
2022 में तैयार हो गई थी पेंटिंग
दीक्षा गुप्ता ने यशभारत को बताया कि प्रतिदिन 5 से 6 घंटे की मेहनत से मेंहदी कॉर्न की मदद से वे वर्ष 2022 से पेंटिंग बना रहीं थीं जो कि 16 सितंबर 2022 को पूरी बन चुकी थी। इसके बाद उन्होनें जबलपुर में गिनीज बुक ऑफ द वर्ल्ड रिकॉर्ड का खिताब हासिल करने परीक्षा दी थी। जिसके बाद इस पेंटिंग के माध्यम से उनका नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो गया ।

००००००००००००
००००००००००००







