8वां वेतन आयोग: कर्मचारियों को सैलरी बढ़ने का इंतजार, 14 नवंबर तक सामने आए पांच अहम अपडेट

जबलपुर, यश भारत।केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजरें 8वें वेतन आयोग पर टिकी हैं। नई सैलरी, पेंशन और फिटमेंट फैक्टर को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। इस बीच आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर 14 नवंबर 2026 तक पांच अहम अपडेट सामने आए हैं। इनमें मुंबई, बेंगलुरु, जयपुर और चंडीगढ़ में कर्मचारी संगठनों के साथ बैठकों से जुड़े नोटिस शामिल हैं। इसके अलावा आयोग ने कंसल्टेंट की नियुक्ति से संबंधित दिशा-निर्देशों में भी बदलाव किया है। इन बैठकों के जरिए कर्मचारी संगठनों को अपनी मांगें और सुझाव रखने का अवसर दिया गया।
3.833 फिटमेंट फैक्टर की मांग पर नजर
8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा बना हुआ है। कर्मचारी संगठनों ने 3.833 फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग रखी है। यदि यह प्रस्ताव स्वीकार होता है तो न्यूनतम मूल वेतन 18 हजार रुपये से बढ़कर करीब 69 हजार रुपये हो सकता है। हालांकि, आयोग ने अभी इस मांग को मंजूरी नहीं दी है। फिलहाल नई सैलरी और पेंशन में बढ़ोतरी को लेकर भी कोई अंतिम घोषणा नहीं हुई है। आयोग को गठन के 18 महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपनी है। इसके लिए 3 मई 2027 तक की समयसीमा निर्धारित है। अंतिम फैसला रिपोर्ट और सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।







