5 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 2 लाख के 4 वाहन बरामद

5 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 2 लाख के 4 वाहन बरामद
भोपाल, यशभारत। निशातपुरा थाना पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर 5 शातिर वाहन चोरों को दबोचने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए इन आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी की 4 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल बाजार कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी जा रही है।
थाना प्रभारी मनोज पटवा ने बताया कि पुलिस ने सबसे पहले तकनीकी साधनों का उपयोग किया और घटनास्थलों के आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही, क्षेत्र में सक्रिय मुखबिर तंत्र को भी अलर्ट किया गया। इस सटीक रणनीति के बल पर पुलिस ने 30 मई को चार वाहन चोरों अजीत सिंह बंजारा उर्फ अज्जू निवासी बिलखिरिया, विकास लोधी निवासी करोंद, दौलत जाटव निवासी विदिशा/हाल करोंद और अभिषेक उर्फ बनवारी कोली निवासी ईंटखेड़ी को हिरासत में लिया। जब इनसे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो इन्होंने निशातपुरा क्षेत्र से तीन मोटरसाइकिलें चुराना कबूल किया, जिन्हें पुलिस ने तत्काल बरामद कर लिया।
इसी कड़ी में पुलिस टीम ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए 2 जून को पांचवें आरोपी जितेंद्र सिलावट निवासी सागरको भी धर दबोचा। इसके पास से भी पुलिस ने निशातपुरा क्षेत्र से चोरी गई चौथी मोटरसाइकिल बरामद करने में कामयाबी हासिल की। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं। वही पकड़े गए आरोपियों से पुलिस अब अन्य थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में भी सघन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के बाद शहर के कई अन्य बड़े मामलों का खुलासा हो सकता है और कुछ और चोरियां सामने आ सकती हैं।







