5 लाख रुपए के कर्ज और गहनों के इंश्योरेंस के लालच में फर्जी लूट : ऐसे हुआ खुलासा…

ग्वालियर। ग्वालियर में लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया हैं। 25 वर्षीय युवती ने 5 लाख रुपए के कर्ज और गहनों के इंश्योरेंस के लालच में फर्जी लूट की साजिश रची। उसने अपने नाबालिग भाई से खुद की लूट करवाई और थाने शिकायत दर्ज कराई। एक ही दिन में फर्जीवाड़े का खुलासा हो गया।
भाई के पकड़े जाने पर युवती ने ऑनलाइन फिनाइल मंगाकर थाने में पी लिया। वह ऑनलाइन गेम्स में 5 लाख रुपए हार चुकी थी और कर्ज चुकाने के लिए 16 साल के भाई के साथ साजिश रची थी।
CCTV फुटेज में एक्टिवा चला रहे बदमाश की चप्पल से कुछ ही घंटों में पुलिस को सुराग मिल गया। लुटेरे ने ईगल साइन वाली चप्पल पहनी थी, जो महिला के भाई के पास भी थी। इंस्टाग्राम रील में भी वह वही चप्पल पहने दिखा। पुलिस ने भाई को पकड़ा तो उसने वारदात कबूल कर ली।
वारदात की मास्टरमाइंड ऑनलाइन गेम में कर्ज में डूबी महिला थी। उसके साथ नाबालिग भाई और उसका दोस्त शामिल थे। लड़कियों के कपड़े पहनकर वारदात की योजना थी, लेकिन समय नहीं मिला। डिक्की से दो जोड़ी लड़कियों के कपड़े मिले।
पुरानी छावनी क्षेत्र में रहने वाली शेजू को ऑनलाइन मनी गेम की लत लग गई थी। उसने पहले 10 हजार रुपए लगाए और पहले ही गेम में 8 हजार का मुनाफा हुआ।
इसके बाद वह गेम में फंसती गई और उस पर 5 लाख का कर्ज हो गया। उसने 10 तोला सोना (कीमत 15 लाख रुपए) फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर बीमा कराया था। बीमा राशि हड़पने के लिए ही साजिश रची।







