4 बच्चों की माँ से 7 साल तक दुराचार : प्यार के जाल में फांसकर किया दैहिक शोषण, अब शादी से मुकरते हुए कहीं और की सगाई, एफआईआर दर्ज

जबलपुर, यशभारत। पनागर में 4 बच्चों की माँ के साथ दुराचार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति के छोडऩे के बाद आरोपी ने महिला को झांसे में लेकर पिछले 7 वर्षों से दुष्कर्म कर रहा था और जब महिला ने शादी करने का दबाव बनाया तो साफ मुकर गया और कहीं और सगाई कर ली। जिसके बाद रोते हुए थाने पहुंची महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर, आरोपी को सरगर्मी से तलाश करने में जुटी है।
पनागर थाना प्रभारी आरके सोनी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि चंदन नगर पनागर निवासी 32 वर्षीय पीडि़ता ने शिकायत दर्ज करवाई है कि खेरमाई मोहल्ला में रहने वाले संजू प्रजापति ने उसे झूठे प्यार के जाल में फांसकर सात वर्षों तक उसका दैहिक शोषण किया और फिर शादी से मुकर गया।
पुट्टी का काम करता है आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपी संजू घरों में पुट्टी का काम करता है। पति के छोड़कर चले जाने के बाद महिला किराए के मकान में अपने बच्चों के साथ रह रही थी। तभी संजू ने मौका पाकर उससे नजदीकी बढ़ाईं और फिर उसका दैहिक शोषण करने लगा।
परिजनों ने किया विरोध
आरोपी संजू और पीडि़ता के अवैध रिश्तों की भनक आरोपी के परिजनों को थी। जिसके बाद उन्होंने आरोपी की सगाई कहीं और करा दी। वहीं, पीडि़ता ने जब आरोपी से शादी करने का दबाव बनाया तो उसने पहचानने तक से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं धक्के मारकर अपने घर से भी भगा दिया।
आरोपी पर ही आश्रित थी
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीडि़ता को अपनी पत्नी बनाकर रह रहे आरोपी पर ही पीडि़ता और उसके बच्चे आश्रित थे। लेकिन जब आरोपी की सगाई कहीं और हुई तो आरोपी ने पैसे देने बंद कर दिए। इतना ही नहीं रिश्ता खत्म करते हुए दोबारा नहीं मिलने की बात कही। जिसके बाद पीडि़ता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने दुराचार का मामला दर्ज कर, पूरे प्रकरण को जांच में लिया है।