जबलपुरमध्य प्रदेश

आदिवासी बच्चों के शैक्षणिक उत्थान के लिए 20 करोड़ की योजनाएं

जबलपुर में मिलेगा विशेष प्रशिक्षण

जबलपुर,यशभारत। मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विजय शाह ने जबलपुर प्रवास के दौरान चर्चा में बताया कि राज्य सरकार द्वारा आदिवासी बच्चों के शैक्षणिक उत्थान के लिए आने वाले समय में 18 से 20 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य आदिवासी प्रतिभाओं को उच्च प्रशासनिक एवं तकनीकी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के अवसर उपलब्ध कराना है।

मंत्री विजय शाह ने जानकारी दी कि जबलपुर में 100 आदिवासी बालक-बालिकाओं को पीएससी एवं आईएएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण का पूरा व्यय मध्य प्रदेश सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक भूमि का चयन कर लिया गया है तथा आगामी दो दिनों के भीतर योजना को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि जेईई, नीट एवं गेट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 200 आदिवासी छात्र-छात्राओं को छात्रावास में रहकर पढ़ाई कराई जाएगी। यह व्यवस्था जबलपुर संभाग स्तर पर की जाएगी, जिसमें विद्यार्थियों के आवास, भोजन, सुरक्षा एवं अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं का संपूर्ण खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
मंत्री विजय शाह ने कहा कि सभी छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराया जाएगा तथा आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी बिना किसी चिंता के अध्ययन कर सकें। उन्होंने इन योजनाओं को आदिवासी समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पहल बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button