मुख्यमंत्री के सामने 10 हार्डकोर नक्सलियों ने किया सरेंडर, 2.36 करोड़ का था इनाम

मुख्यमंत्री के सामने 10 हार्डकोर नक्सलियों का सरेंडर, 2.36 करोड़ का था इनाम
भोपाल, यश भारत। मध्यप्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक सफलता मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में रविवार को 10 हार्डकोर नक्सलियों ने आधुनिक हथियारों के साथ पुलिस मुख्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वाले इन नक्सलियों पर विभिन्न राज्यों में कुल 2 करोड़ 36 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
नक्सलियों ने भारत के संविधान में आस्था जताते हुए AK-47, इंसास राइफल, SLR और वॉकी-टॉकी जैसे हथियार पुलिस को सौंपे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसे नक्सलवाद के अंत की शुरुआत बताते हुए कहा कि सरकार की ‘आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति’ और पुलिस के बढ़ते दबाव का यह परिणाम है।

दो बड़े कमांडर भी शामिल
आत्मसमर्पण करने वालों में एमएमसी (MMC) जोन का सचिव सुरेंद्र उर्फ कबीर और स्पेशल जोनल कमेटी मेंबर राकेश ओडी उर्फ मनीष शामिल हैं। इन दोनों पर अकेले 62-62 लाख रुपये का इनाम था। ये सभी नक्सली भोरमदेव एरिया कमेटी से जुड़े थे।
पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाणा ने बताया कि पुलिस की सटीक इंटेलिजेंस और हॉक फोर्स के दबाव के चलते नक्सली अब मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक पुलिस ने मुठभेड़ में 10 नक्सलियों को ढेर किया है, जबकि कई बड़े नक्सली सरेंडर कर चुके हैं।







