4 साल से अटके 10 हजार बिल 130 करोड़ का भुगतान लंबित
भुखमरी की कगार पर वेयरहाउस संचालक,जल सत्याग्रह की दी चेतावनी

जबलपुर,यशभारत। जिले के वेयरहाउस संचालक आज आर्थिक संकट के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। पिछले चार वर्षों से लगभग 130 करोड़ रुपए का भंडारण शुल्क भुगतान न होने के चलते वे अब भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि बैंक की किस्तें नहीं भर पाने से कई संचालकों के खाते एनपीए घोषित हो चुके हैं। इस समस्या से परेशान संचालक पिछले कुछ दिनों से वेयरहाउसिंग कारपोरेशन कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं। लेकिन शासन प्रशासन द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। इससे नाराज वेयरहाउस संचालकों ने पैदल मार्च निकालकर कलेक्टर से मुलाकात की। संचालको कहना है कि पिछले चार साल से लगभग 10,000 बिल नागरिक आपूर्ति निगम में लंबित है, लेकिन आज तक किसी ने सुनवाई नहीं की।

सिर्फ जबलपुर में ही संकट
यह समस्या सिर्फ जबलपुर जिले तक सीमित है। प्रदेश के अन्य जिलों में भंडारण शुल्क का भुगतान 2 से 6 महीने की देरी से सही, लेकिन किया जा रहा है। जबकि जबलपुर में यह देरी तीन से चार साल तक खिंच चुकी है, जिससे वेयरहाउस संचालक अब आर्थिक रूप से टूट चुके हैं और परिवारों का भरण-पोषण तक मुश्किल हो गया है। इस तरफ जहां वेयरहाउस संचालक आर्थिक रूप से परेशान है परेशान वेयरहाउस संचालकों ने अब जल सत्याग्रह की चेतावनी दी है साथ ही नवंबर माह में होने वाली धान खरीदी में किसी भी प्रकार का सहयोग ना करने का निर्णय लिया है।





