
जबलपुर, यशभारत। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में एटीएम से पैसे निकालने गए 79 वर्षीय बुजुर्ग के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और खाते से 1 लाख 16 हजार 500 रुपये निकाल लिए। नव निवेश कॉलोनी गंगा नगर निवासी राजकुमार जैन सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हैं। 17 अगस्त की शाम दूध लेने जाते समय उन्होंने एसबीआई के एटीएम से 9 हजार रुपये निकाले। इसी दौरान पीछे खड़े व्यक्ति ने एटीएम ब्लॉक होने की बात कहकर उन्हें दोबारा कार्ड डालने को कहा। बुजुर्ग ने दोबारा कार्ड डालकर 500 रुपये निकाले। इसके बाद आरोपी उन्हें बातों में उलझाकर वहां से चला गया।अगले दिन बैंक पहुंचने पर पता चला कि उनके पास मौजूद कार्ड किसी नागेश व्योहार के नाम का था। बैंक स्टेटमेंट में 17 और 18 अगस्त के बीच अलग-अलग स्थानों से कुल 1 लाख 16 हजार 500 रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) और 319(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।







