
11.50 करोड़ की ठगी: भोजपुरी अभिनेत्री और पति पुलिस रडार पर
जय सिंह यश भारत फिल्म के रूपहले पर्दे पर अक्सर आपने अभिनेत्रियों को अभिनेताओं को लुभाते या अपने जाल में फंसाते देखा होगा। अब मुंबई पुलिस के जाल में एक अभिनेत्री ठगी के गंभीर मामले में उलझ गई है।
बता दें कि फिल्मी दुनिया की चकाचौंध, करोड़ों के मुनाफे का लालच और प्रभावशाली पहचान का दिखावा, इन सबके पीछे छिपी एक सुनियोजित महाठगी अब बेनकाब हो चुकी है।
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी, उनके पति विवेककुमार उमेशकुमार सिन्हा उर्फ अभिषेककुमार सिंह चौहान तथा उनके साथियों के खिलाफ 11 करोड़ 50 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला मुंबई के घाटकोपर स्थित पंतनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।
यह मामला मुंबई के कस्टम क्लीयरेंस व्यवसायी हितेश कांतिलाल अजमेरा की शिकायत पर दर्ज हुआ है। एफआईआर के अनुसार मुख्य आरोपी विवेककुमार ने दावा किया कि बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया स्थित एक गोदाम में लगभग 300 करोड़ रुपये नकद कानूनी अड़चनों में फंसे हुए हैं। इस कथित रकम को बाहर निकालने के लिए निवेश की जरूरत बताई गई। मोटे मुनाफे का झांसा देकर अजमेरा को इस योजना में फँसाया गया।
● अभिनेत्री ने भी निभाई अहम भूमिका
शिकायत में स्पष्ट उल्लेख है कि अभिनेत्री आकांक्षा अवस्थी ने भी इस पूरी साजिश में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने अपने पति के दावों का समर्थन किया, जिससे पीड़ित को यह योजना वास्तविक और भरोसेमंद प्रतीत हुई। आरोपियों ने मार्च 2024 से जुलाई 2024 के बीच अलग-अलग चरणों में अजमेरा से विभिन्न बैंक खातों में कुल 11.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रकम ट्रांसफर कराने के लिए लगातार दबाव, मीठी बातों और कथित झूठे दस्तावेजों का सहारा लिया गया। ठगी को पुख्ता दिखाने के लिए आरोपियों ने पीड़ित को पटना ले जाकर कथित कागजात दिखाए। पूरे घटनाक्रम को इतनी चतुराई से अंजाम दिया गया कि पीड़ित को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।
5 जुलाई 2024 को बेतिया जाते समय विवेककुमार कार से मिठाई लेने के बहाने उतरा और फिर लौटकर नहीं आया। इसी के बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अंदेशा हुआ। करोड़ों की ठगी के बाद हितेश अजमेरा ने पंतनगर थाने में लिखित शिकायत दी।







