हवाई अड्डा हुआ “हवा-हवाई” : उद्घाटन के बाद भी उड़ानें अब तक शुरू नही

सतना यश भारत । बघेलखंड और विंध्य क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित हवाई सफर का सपना फिलहाल अधूरा नजर आ रहा है। सतना एयरपोर्ट का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 31 मई 2025 को वर्चुअल उद्घाटन तो कर दिया गया, लेकिन उद्घाटन के कई माह बाद भी यहां से नियमित विमान सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। ऐसे में क्षेत्रवासियों के बीच एयरपोर्ट को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
करीब ₹36.96 करोड़ की लागत से विकसित इस एयरपोर्ट को केंद्र सरकार की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना “उड़ान” के तहत तैयार किया गया है। एयरपोर्ट परिसर में टर्मिनल भवन, रनवे, एटीसी टावर सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। सरकार और प्रशासन द्वारा दावा किया गया था कि एयरपोर्ट शुरू होने से चित्रकूट, मैहर, सतना एवं पूरे विंध्य क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी तथा पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
हालांकि जमीनी स्थिति अभी भी उम्मीदों से काफी दूर दिखाई दे रही है। एयरपोर्ट का उद्घाटन होने के बावजूद अब तक किसी एयरलाइन कंपनी द्वारा नियमित उड़ानों की घोषणा नहीं की गई है और न ही टिकट बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो सकी है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में निराशा और असंतोष का माहौल देखा जा रहा है।
क्षेत्र में चर्चा है कि “फीता तो कट गया, लेकिन विमान अब तक उड़ान नहीं भर पाया।” लोगों का कहना है कि केवल उद्घाटन कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम जनता को वास्तविक हवाई सेवा उपलब्ध कराना ज्यादा जरूरी है।
जानकारों के अनुसार फिलहाल छोटे 19-सीटर विमानों के संचालन को लेकर तैयारी की बात कही जा रही है, लेकिन व्यावसायिक उड़ानों के संचालन में कई व्यावहारिक चुनौतियां सामने हैं। एयरलाइन कंपनियों की सहमति, पर्याप्त यात्री संख्या, संचालन लागत और आर्थिक व्यवहार्यता जैसे मुद्दे अब भी बाधा बने हुए हैं।
विंध्य क्षेत्र के नागरिकों को अब इस बात का इंतजार है कि आखिर सतना एयरपोर्ट से पहली नियमित फ्लाइट कब उड़ान भरेगी और क्षेत्र को लंबे समय से प्रतीक्षित हवाई सुविधा का वास्तविक लाभ कब मिल सकेगा।







