मध्य प्रदेशराज्य

सागर-सुरखी NH-44 पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने मिनी पिकअप को मारी जोरदार टक्कर, एक महिला की मौत, दर्जनभर घायल

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर-सुरखी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर आज एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने सवारियों से भरी मिनी पिकअप गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में पिकअप में सवार करीब एक दर्जन महिला, पुरुष और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मचने पर स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत, बांदरी की मां-बेटी घायल

बीएमसी पुलिस चौकी के प्रधान आरक्षक सोनू जाटव से यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में मिनी पिकअप में सवार रामकली पति घूमन आदिवासी (उम्र करीब 52 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा अटा मेहर की अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत हो गई। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर शव को मर्चुरी में रखवा दिया है।

इसके साथ ही हादसे में घायल अन्य लोगों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। बीएमसी से मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में ग्राम सेमरा, थाना बांदरी निवासी 8 वर्षीय मासूम बच्ची राखी सोर पिता रामकिसन और उसकी मां सीता पति रामकिसन (उम्र 34 वर्ष) का इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि डॉक्टरों ने इन दोनों की हालत अभी स्थिर और सामान्य (नॉर्मल) बताई है।

हादसे के बाद लगा जाम, पुलिस जांच में जुटी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी पिकअप का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए वाहनों का जाम लग गया था। सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाया और यातायात सुचारू किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button