कटनी

सवा करोड़ की धोखाधड़ी में दुबई से जुड़े तार, बिलहरी पुलिस ने मुंबई से आरोपी को किया गिरफ्तार, कमीशन में खाते उपलब्ध कराता था आरोपी, गिरोह के सरगना पर देश भर में 54 मामले

कटनी, यशभारत। बिलहरी पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। देशभर में लोगों के साथ होने वाली ऑनलाइन ठगी के बाद रकम को ठिकाने लगाने के लिए बैंक खातों के दुरूपयोग से जुड़े इस मामले में दो मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिनके विरूद्ध पूरे देश में 54 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इस मामले में करीब 4 करोड़ 26 लाख रुपए के धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है, जिससे जिले में हडक़ंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में सायबर ठगी और धोखाधड़ी के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पांडेय ने बताया कि इस मामले में रोशन नगर निवासी राजेंद्र विश्वकर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आर्यवत शिक्षा समिति के खाते में डोनेशन दिलाने के नाम पर जीशान नामक व्यक्ति ने एक्सिस बैंक का खाता प्राप्त कर उसमें 4 करोड़ 26 लाख रुपए का फर्जी लेनदेन किया। शिकायत के आधार पर कुठला थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। इन खातों का उपयोग कर अपने लोगों के साथ ऑनलाइन ठगी की रकम को ठिकाने के लिए इन बैंक खातों का उपयोग किया जाता था। इस मामले की विवेचना के दौरान जिस बैंक खाते से धोखाधड़ी हुई, उस अकाउंट से जुड़ी मोबाइल नंबर की सिम और मोबाइल का उपयोग करने वाले आरोपी अभिषेक नार्कर पिता अनिल नार्कर निवासी पूनम नगर अंधेरी ईस्ट मुंबई को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने बताया अभिषेक को उसके मित्र प्रशांत पद्मने और अब्दुल सत्तार ने यह काम दिया था कि तुम्हे होटल में मोबाइल लेकर रुकना पड़ेगा, जिसके लिए हफ्ते में 15 हजार रुपए और महीने में 60 हजार रुपए मिलेंगे। उस मोबाइल में फॉरवर्ड मैसेज एप से खाते में साइबर फ्रॉड का पैसा डाला जाएगा।
देशभर में दर्ज हैं कई मामले, मुख्य आरोपी फरार
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अब्दुल सत्तार और प्रशांत पद्मने के खिलाफ देशभर में करीब 54 धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। दोनों वर्तमान में फरार हैं और उनके विदेश, विशेषकर दुबई में होने की जानकारी मिली है। इनके खिलाफ मुंबई पुलिस द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है। जिले में कई ऐसे मामले हैं, जिनकी पुलिस डिटेल खंगाल रही है। अब तक इस धोखाधड़ी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मोहम्मद जीशान, विकास तिवारी और चॉल्स रॉड्रिक को जेल भेज दिया गया है।
आरोपी को भेजा जेल, अन्य की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी अभिषेक नार्कर को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा, चौकी प्रभारी बिलहरी सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक दामोदर राव, प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति एवं आरक्षक लव उपाध्याय की भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button