मध्य प्रदेशराज्य

सनसनीखेज वारदात: जेल से छूटते ही युवक का कार से अपहरण कर चाकू से गोदा, गोपालगंज पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ केंद्रीय जेल से जमानत पर रिहा हुए एक युवक का पुरानी रंजिश के चलते कार से अपहरण कर जानलेवा हमला करने वाले गिरोह का गोपालगंज पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस गंभीर प्रकरण के 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है.

जेल के बाहर घात लगाकर किया अपहरण, चाकू से किया लहूलुहान

यश भारत के संभागीय ब्यूरो को मिली जानकारी के अनुसार, बीते 25 जून 2026 को फरियादी बिट्टू उर्फ गजानंद प्रजापति जैसे ही केंद्रीय जेल सागर से जमानत पर बाहर आया, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे जबरन कार में ठूंस लिया. आरोपी उसे शहर के विभिन्न सुनसान ठिकानों पर ले गए, जहाँ उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया. पीड़ित के शोर मचाने पर जब भीड़ जुटने लगी, तो आरोपी उसे घायल अवस्था में सड़क पर फेंककर भाग निकले. घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 3 आरोपी दबोचे

पीड़ित बिट्टू की शिकायत पर थाना गोपालगंज में मुख्य आरोपी आशु यादव, अंकित मिश्रा व अन्य के खिलाफ तत्काल गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया. थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से संभावित ठिकानों पर दबिश देकर प्रकरण में शामिल तीन आरोपियों को धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपियों में आशु उर्फ पिंकेश यादव, शुभम रावत, प्रशांत शर्मा को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कुछ अन्य नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही शेष आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button