सचिव से मारपीट : जनपद सदस्य पर FIR; एडिशनल एसपी ने कहा -सरकारी काम में बाधा डालने पर कार्रवाई

मंडला यशभारत । जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत इमलीगोहान में पंचायत सचिव से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने जनपद सदस्य हरेंद्र कुमार मसराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, इमलीगोहान ग्राम पंचायत में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई थी। पंचों की संख्या कम होने के कारण यह बैठक दोपहर 2 बजे स्थगित कर दी गई थी।
बैठक स्थगित होने के बाद सचिव देवचन्द्र कछवाहा कार्यालय में मौजूद थे। तभी जनपद सदस्य हरेंद्र कुमार मसराम पंचायत भवन पहुंचे और उनसे रोकड़ बही और निर्माण कार्यों से संबंधित दस्तावेज मांगे। सचिव का आरोप है कि जब उन्होंने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत आवेदन देने की बात कही, तो जनपद सदस्य भड़क गए और गाली-गलौच करते हुए मारपीट की।
वहीं, जनपद सदस्य हरेंद्र मसराम ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि मामला करीब 16 लाख रुपए के गबन से जुड़ा है। उन्होंने दावा किया कि वायरल वीडियो में मारपीट जैसी कोई घटना नहीं दिख रही है और उनके खिलाफ दबाव बनाने के लिए एफआईआर दर्ज कराई गई है।
एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों और वीडियो सामने आने के बाद जांच की गई। जांच के आधार पर हरेंद्र मसराम के खिलाफ महाराजपुर थाने में शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल, मामले की विवेचना जारी है।







