पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: एसपी ने बदले कई थानों के प्रभारी, उपमा सिंह को थाना प्रभारी सानोधा की मिली नई कमान

सागर यश भारत संभागीय ब्यूरो)/ जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व गतिशील बनाने के उद्देश्य से सागर पुलिस कप्तान (पुलिस अधीक्षक) अनुराग सुजानिया ने पुलिस अधिकारियों के कार्यस्थल में बड़ा फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत प्रशासनिक कसावट लाते हुए कई थानों के प्रभारियों को बदला गया है, वहीं कुछ अधिकारियों को लाइन (रक्षित केंद्र) संबद्ध किया गया है।
इस प्रशासनिक सर्जरी के तहत सानोधा, बंडा, सुरखी और बहेरिया थानों की कमान नए प्रभारियों को सौंपी गई है। आदेश के मुताबिक, रक्षित केंद्र सागर से निरीक्षक उपमा सिंह ठाकुर को थाना प्रभारी सानोधा और कार्यवाहक निरीक्षक राजेंद्र सिंह कुशवाह को थाना प्रभारी बण्डा की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, बंडा थाना प्रभारी कार्यवाहक निरीक्षक अंजली उदैनिया और सानोधा थाना प्रभारी कार्यवाहक निरीक्षक रावेंद्र सिंह चौहान को उनके वर्तमान दायित्वों से मुक्त कर रक्षित केंद्र सागर भेजा गया है।
इसी क्रम में उप निरीक्षकों के प्रभार में भी रद्दोबदल किया गया है। रक्षित केंद्र सागर से उप निरीक्षक महेंद्र सिंह भदौरिया को थाना प्रभारी सुरखी नियुक्त किया गया है, जबकि मोतीनगर थाने में पदस्थ उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर अब थाना प्रभारी बहेरिया की कमान संभालेंगे। बहेरिया थाने में पदस्थ उप निरीक्षक विद्यानंद यादव का स्थानांतरण कर उन्हें थाना मोतीनगर भेजा गया है।
पुलिस कप्तान द्वारा की गई थानों की इस नई जमावट को आगामी कानून-व्यवस्था और फील्डिंग के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। स्थानांतरित सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।







