शराब माफिया का खूनी तांडव: ‘डबल मर्डर’ से दहला क्षेत्र, शव सड़क पर रख प्रदर्शन, बाजार बंद….

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ सागर जिले के शाहपुर में शराब दुकान के कर्मचारियों की दबंगई और बेरहमी ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं। शराब माफिया के गुर्गों द्वारा की गई जानलेवा मारपीट में एक मौत तथा घायल दूसरे युवक की मौत के बाद यह पूरा मामला अब ‘डबल मर्डर’ में तब्दील हो गया है।
एक साथ दो मौतों से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश ज्वालामुखी बनकर फूट पड़ा है।
इलाज के दौरान थमी सांसें, पसरा मातम
उल्लेखनीय है कि शराब दुकान के कर्मचारियों ने गत दिवस युवकों को घेरकर लाठी-डंडों से बर्बरतापूर्वक पीटा था। इस हमले में एक युवक की मौके के कुछ समय बाद ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरा साथी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा था। आज इलाज के दौरान दूसरे युवक के दम तोड़ने की खबर जैसे ही शाहपुर पहुंची, समूचा क्षेत्र शोक और गुस्से में डूब गया। माफिया की इस दरिंदगी ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शव रखकर चक्काजाम, इंसाफ की गुहार
दूसरे युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। प्रदर्शनकारियों ने मृतक का शव बीच सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया है। मौके पर मौजूद भीड़ ‘दोषियों को फांसी दो’ और ‘अवैध शराब माफिया मुर्दाबाद’ के नारे लगा रही है। परिजनों का साफ कहना है कि जब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और उनके अवैध साम्राज्य पर प्रशासन का बुलडोजर नहीं चलता, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
छावनी बना शाहपुर, व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद
दोहरी हत्या (डबल मर्डर) की इस जघन्य वारदात के विरोध में आज शाहपुर का बाजार पूरी तरह बंद है। व्यापारियों ने स्वेच्छा से दुकानें बंद रख कर पीड़ित परिवारों को अपना समर्थन दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन भीड़ को नियंत्रित करने में जुटा है।
सानौधा टीआई भारत सिंह ठाकुर ने यश भारत की संभागीय ब्यूरो को बताया कि उक्त दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में आक्रोश तथा तनावपूर्ण स्थिति है लेकिन नियंत्रण में है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्यवाही की जा रही है।






