शराब दुकान के खिलाफ अंजूमन कमेटी ने खोला मोर्चा, चौपाटी रोड पर खुली शराब दुकान को हटाने की मांग

कटनी, यशभारत। चौपाटी मार्ग पर अंग्रेजी शराब दुकान खोले जाने के खिलाफ अंजूमन इस्लामिया कमेटी ने भी मोर्चा खोल दिया है। कमेटी के सदर हाजी लिप्पू भाई ने मंगलवार को जनसुनवाई में एक शिकायत देकर कहा कि अंजूमन स्कूल के पास शराब की दुकान खोल दी गई है, जिससे आने वाले समय में कई तरह की दिक्कतें होंगी। उनका कहना है कि जिस स्थान पर शराब दुकान खोली गई है, वहां से स्कूल, अस्पताल, स्टेशन के अलावा चौपाटी और फूल मंडी स्थापित है। यहां हर समय महिलाओं और बच्चों का आना-जाना बना रहता है।
विदित हो कि घंटाघर के पास स्थित शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग पिछले काफी समय से की जा रही थी। नया ठेका होने के बाद अब इस दुकान को चौपाटी जाने वाले रास्ते पर शिफ्ट कर दिया गया है, जहां हर समय लोगों का आना-जाना लगा रहता है। जहां एक तरफ सरकार स्कूलों, अस्पतालों और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षित और शांत वातावरण बनाने की बात करती है तो वहीं दूसरी तरफ कोतवाली थाना क्षेत्र में जिला अस्पताल के ठीक सामने, सब्जी मंडी और फूल मंडी स्कूल बाजू से शराब की दुकान खोल दी गई है। इस क्षेत्र में रोज़ाना सैकड़ों की संख्या में मरीज, महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूल जाने वाले बच्चे गुजरते हैं। स्थानीय लोगों और स्कूल के शिक्षकों ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया है। अगर इस तरह संवेदनशील इलाके में शराब दुकान चलेगी, तो बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ेगा। वैसे शराब दुकान खुलने के बाद महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहा है और अस्पताल जैसे स्थान का शांत वातावरण पूरी तरह बिगड़ जाएगा।







