शराब दुकान के कर्मचारियों की दबंगई, हरिजन युवक को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा

रैपुरा, यशभारत। कटनी रोड पर स्थित शराब दुकान के कर्मचारियों द्वारा एक ग्राहक के साथ सरेआम गुंडागर्दी और मारपीट का मामला सामने आया है। नियमों को ताक पर रखकर मंदिर और स्कूल के पास संचालित हो रही इस शराब दुकान के कर्मचारियों ने एक युवक को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीट दिया क्योंकि उसने बातचीत में रे शब्द का इस्तेमाल किया था। जानकारी के अनुसार कल सुबह 11 बजे भरवारा निवासी संदीप नामक युवक कटनी रोड स्थित शराब दुकान पर गया था। बताया जा रहा है कि संदीप ने परिचय के नाते दुकान के कर्मचारियों से बोलचाल के दौरान मुझे दारू दे रे कह दिया। इतनी सी बात पर कर्मचारी आग बबूला हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कर्मचारियों ने संदीप को पकडक़र दुकान के अंदर एक कमरे में बंद कर दिया और उसकी जमकर पिटाई की। गुंडागर्दी यहीं नहीं रुकी। कर्मचारी उसे पीटते हुए सडक़ तक ले आए। युवक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह शराब दुकान शुरुआत से ही विवादों में रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह दुकान नियमों के विरुद्ध मंदिर और स्कूल के पास खोली गई है। आए दिन कर्मचारियों के इस तरह के हिंसक व्यवहार के कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद पीडि़त युवक और उसके परिजनों ने रैपुरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीडि़त परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और दुकान के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।







