वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बाघ का हमला : खेत पर काम कर रहे युवक को किया घायल

दमोह/सागर। वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ के हमले से एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए निगरानी बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, मोहली परिक्षेत्र के पटना मोहली गांव निवासी सुदामा यादव (32 वर्ष) 6 बजे अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बाघ ने उन पर हमला कर दिया।
हमले के बाद सुदामा यादव के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जोर-जोर से आवाजें लगाईं। ग्रामीणों की आवाज सुनकर बाघ जंगल की ओर भाग गया, जिससे युवक की जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय बीट गार्ड और वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। घायल सुदामा यादव को तत्काल रहली शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर चोटों को देखते हुए सागर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। हमले में उनके हाथ और कमर में चोटें आई हैं।
घटना के बाद वन विभाग ने पटना मोहली गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने, अकेले खेत या जंगल की ओर नहीं जाने तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील की है। साथ ही क्षेत्र में वन विभाग की टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।







