मध्य प्रदेशराज्य

विद्यार्थियों को वितरित की जाने वाली किताबों के 450 बंडल गायब : थाने में मामला दर्ज , विभाग में हड़कंप

रीवा। जिले में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को निशुल्क वितरित की जाने वाली किताबों के गायब होने का बड़ा मामला सामने आया है। पाठ्य पुस्तक निगम के गोदाम से 450 से अधिक बंडल किताबें लापता होने की आशंका जताई गई है। इनकी अनुमानित कीमत 35 से 36 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले के सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया है। शिकायत के आधार पर चोरहटा थाने में मामला दर्ज कराया गया है, जबकि भोपाल मुख्यालय से तीन सदस्यीय जांच टीम रीवा पहुंच गई है।

 रिकॉर्ड और स्टॉक बराबर नहीं

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम में रखी बड़ी संख्या में सरकारी किताबों का रिकॉर्ड और भौतिक स्टॉक मेल नहीं खा रहा है। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल करीब 450 से अधिक बंडल गायब होने की आशंका है। हालांकि, वास्तविक संख्या और नुकसान का आंकड़ा जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

 

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पाठ्य पुस्तक निगम ने चोरहटा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं भोपाल स्थित मुख्यालय से भेजी गई तीन सदस्यीय टीम गोदाम में मौजूद किताबों का भौतिक सत्यापन कर रिकॉर्ड का मिलान कर रही है।

कर्मचारियों समेत अन्य लोगों पर शक

 

आशंका जताई जा रही है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मुफ्त में वितरित की जाने वाली इन किताबों को अवैध रूप से बाजार में बेच दिया गया हो। विभाग ने गोदाम में कार्यरत कुछ कर्मचारियों सहित अन्य लोगों की भूमिका पर भी संदेह जताया है।

 

पुलिस जल्द ही गोदाम से जुड़े कर्मचारियों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर सकती है। वहीं विभागीय जांच भी समानांतर रूप से जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किताबें कैसे गायब हुईं और इस पूरे मामले में किन लोगों की भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button