लापरवाही या ‘सिस्टम’ का शिकार?, OT में रहस्यमयी मौत: एनेस्थीसिया के डोज पर गहराया शक, उच्चस्तरीय जांच की मांग… देखें पूरा वीडियो

दमोह। हिंडोरिया निवासी सचिन अग्रवाल की ऑपरेशन के दौरान हुई मौत के मामले में सोमवार को सकल अग्रवाल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। समाजजनों ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जांच में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि सचिन अग्रवाल 21 सितंबर की रात करीब 10 बजे ऑपरेशन के लिए दमोह स्थित डॉ. पीताम्बर बुधवानी के निजी विद्या हॉस्पिटल में भर्ती हुए थे। ऑपरेशन के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों और समाजजनों ने उपचार प्रक्रिया, चिकित्सकीय लापरवाही तथा एनेस्थीसिया दिए जाने की प्रक्रिया को लेकर आशंका जताई है।
समाज की ओर से मांग की गई है कि ऑपरेशन के दौरान अपनाई गई एनेस्थीसिया प्रक्रिया, संबंधित चिकित्सक की योग्यता एवं अधिकृत अनुमति, ऑपरेशन से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड, दवाओं तथा एनेस्थीसिया रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कराई जाए। साथ ही ऑपरेशन से पहले और बाद की पूरी उपचार प्रक्रिया की भी जांच की जाए, ताकि मौत के वास्तविक कारण सामने आ सकें।
ज्ञापन में कहा गया कि यदि जांच में किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही, नियमों का उल्लंघन अथवा जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। समाज ने मृतक के परिवार को शासकीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की है।







