रफ्तार का कहर, 1 किमी तक बंपर में फंसा घिसटता रहा युवक, दर्दनाक मौत : डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, पीछे छूट गई 1 साल की मासूम; घर का इकलौता चिराग बुझा, परिजनों ने घेरा हाईवे

रीवा । गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के डीहिया गांव में तेज रफ्तार बोलेरो ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद संजय सोनी बोलेरो के बंपर में फंस गया और दूर तक घसीटता चला गया।
मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बताया जा रहा है कि 19 वर्षीय हर्ष गौतम अपने 6 साथियों के साथ रीवा से गोविंदगढ़ की ओर पार्टी मनाने जा रहा था। इसी दौरान डीहिया गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने मड़वा निवासी संजय सोनी की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी टक्कर के बाद संजय बोलेरो के बंपर में फंस गया। आरोप है कि बोलेरो चालक ने वाहन नहीं रोका और करीब 1 किलोमीटर तक उसे घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद मौके पर ही संजय की मौत हो गई
परिजनों के मुताबिक संजय की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। उसकी एक साल की मासूम बच्ची है। संजय के बड़े भाई की भी कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। परिवार के मुताबिक संजय ही घर का अकेला चिराग था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। परिजनों की मांग है कि हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
परिजनों ने पुलिस पर आरोपी को बचाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया है मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी गौरव राजपूत और डीआईजी हेमंत चौहान भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया पुलिस हादसे की जांच कर रही है और बोलेरो में सवार युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।







