बच्चों ने गढ़े मिट्टी के गणेश, कला के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश परवरिश द म्यूज़ियम स्कूल के बच्चों की रचनात्मक पहल, शहरवासियों से प्रतिमाएं खरीदकर हौसला बढ़ाने की अपील

बच्चों ने गढ़े मिट्टी के गणेश, कला के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
परवरिश द म्यूज़ियम स्कूल के बच्चों की रचनात्मक पहल, शहरवासियों से प्रतिमाएं खरीदकर हौसला बढ़ाने की अपील
भोपाल यश भारत। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों और आसपास की बस्तियों से आने वाले बच्चों ने इस वर्ष भी अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए मिट्टी से सुंदर और पर्यावरण अनुकूल भगवान गणेश की प्रतिमाएं तैयार की हैं। यह पहल परवरिश द म्यूज़ियम स्कूल के माध्यम से की जा रही है। अधिवक्ता गुंजन चौकसे ने बताया कि बच्चों को विभिन्न कलाओं का प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा निखारने के साथ उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर भी दिया जाता है। बच्चों द्वारा तैयार गणेश प्रतिमाएं उनकी मेहनत और कल्पनाशीलता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रही हैं।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि बच्चों द्वारा बनाई गई गणेश प्रतिमाओं को खरीदकर उनका उत्साहवर्धन करें। प्रतिमाएं कल दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक रीजनल म्यूज़ियम स्कूल बिट्टन मार्केट में उपलब्ध रहेंगी। गुंजन चौकसे ने कहा कि समाज का छोटा सा सहयोग बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने संस्था की संस्थापिका शिबानी घोष के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को लगातार मंच मिलना उनकी प्रतिभा को नई दिशा देने वाला कदम है।







