मध्य प्रदेशराज्य

रफ्तार का कहर : कार और बाइक में जोरदार भिड़ंत : युवक गंभीर 

 

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ईदाबाड़ी के पास रात को कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सिवनी भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा ईदाबाड़ी गांव के समीप मुख्य मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि एक मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से आ रही थी और विपरीत दिशा से कार आ रही थी जैसे ही दोनों ईदाबाड़ी ग्राम के समीप पहुंचे तो आपस मे भिंडन्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में युवक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने घायल की सहायता करते हुए 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल युवक को जिला चिकित्सालय सिवनी पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। उसकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों द्वारा लगातार स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना बताया जा रहा है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर कान्हीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं घायल युवक के संबंध में अन्य जानकारी जुटाने का प्रयास भी किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और असावधानीपूर्वक वाहन संचालन के खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button