ये तो हद हो गई…आईटीआई का प्रभारी शिक्षक टॉयलेट के दरवाजे उखाडक़र ले गया, उमरियापान आईटीआई के प्रभारी शिक्षक के कारनामों की क्षेत्र में चर्चा

उमरियापान, यशभारत। उमरियापान से आईटीआई ढीमरखेड़ा शिफ्ट होते ही आईटीआई के प्रभारी शिक्षक द्वारा अन्य समान उखाडक़र ले जाना तो दूर टॉयलेट के दरवाजे तक उखाडक़र ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार उमरियापान के ग्राम पंचायत परिसर में बने पूर्व का नाम एक्सिलेंस विद्यालय के अतिरिक्त चार कमरों में आईटीआई संचालित करने के लिए मांग की गई थी। जिसमें निर्माण एजेंसी ने चारों कमरे में रंग रोगन करने के साथ व्यवस्थित लाइट फिटिंग कर के एक्सिलेंस विद्यालय को हैंड ओवर किया था। उन्हीं कमरों में बीते 8 से 10 वर्षों से शासकीय आईटीआई संचालित हो रही थी, जहां नगर सहित क्षेत्र के छात्र छात्राएं और युवा अपना कोर्स कर रहे थे। वर्तमान का नाम सांदीपनि विद्यालय को छात्रों की अधिक संख्या होने के कारण विद्यालय द्वारा शिक्षा विभाग एवं शासन को पत्राचार किया गया। जिसके बाद उमरियापान से आईटीआई पिछले सप्ताह ढीमरखेड़ा के महाविद्यालय के कमरों में शिफ्ट कर दी गई। आईटीआई के छात्रों की पढ़ाई के उपयोग में आने वाली सामग्री ले जाने से तो किसी को कोई शिकवा शिकायत नहीं हुई। लेकिन उमरियापान सहित क्षेत्र के लोगों को जैसे ही जानकारी लगी की आईटीआई का प्रभारी शिक्षक अनिल तिवारी दो दिन बाद चारों कमरों की लाइट फिटिंग के बोर्ड, वायर से ढके पाइप, वायर, पंखे और जीआई तार की जाली तो दूर की बात हैए टॉयलेट में लगे लोहे के मजबूत दो दरवाजे तक उखाड़ कर ले गया है। अब नगरवासियों की जुबान पर एक ही शब्द है की, जो भी सामग्री लगी थी उसमें तो शासन का पैसा लगा था तो फिर प्रभारी शिक्षक खुद की जागीर समझकर किसकी सह पर ले गया है। अब देखना यह है की शिक्षा विभाग और शासन आईटीआई के प्रभारी शिक्षक अनिल तिवारी कोए जो सामग्री जहां जैसी लगी थी वैसे ही व्यवस्थित ढंग लगवाने की मियाद देता है या कानूनी कार्रवाई करता है।
इनका कहना है
उमरियापान सांदीपनि विद्यालय द्वारा इस संबंध में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मुझे आपके माध्यम से जानकारी लगी है। यदि शिकायत दर्ज कराई जाएगी तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-निधि गोहल, एसडीएम ढीमरखेड़ा
इस तरह की हरकत करके आईटीआई के शिक्षक ने विद्यालय के सिर पर पचासों पचासों हजार रुपए बढ़ा दिया है। एसडीएम को लिखित शिकायत की जाएगी।
-मुकेश पटेल, सांदीपनि स्कूल प्रभारी प्राचार्य उमरियापान







