मामूली विवाद पर खूनी संघर्ष, बुजुर्ग की मौत, घटना से गांव में तनाव का माहौल, पुलिस ने संभाला मोर्चा

कटनी/पवई, यशभारत। कटनी से सटे पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बराहो में मंगलवार को बराहो बाबा के स्थान पर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में 60 वर्षीय सौकी चौधरी उर्फ सौकी बाबा की मौत हो गई, जबकि 34 वर्षीय भरत सिंह पिता देवी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बराहो बाबा के स्थान पर सौकी चौधरी उर्फ सौकी बाबा और भरत सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढऩे पर दोनों के बीच मारपीट हो गई। घटना में दोनों घायल हो गए। बाद में दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सौकी चौधरी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में भरत सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। पवई अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
जांच में जुटी पुलिस
एसडीओपी भावना सिंह दांगी ने बताया कि ग्राम बराहो से एक मृत व्यक्ति और एक घायल व्यक्ति को अस्पताल लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिवार ने भी मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली। पुलिस आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश सहित अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारण और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







