पंजाब नेशनल बैंक के सामने अचानक बाइक में लगी आग, चंद मिनटों में जलकर खाक…. देखें पूरा वीडियो

डिंडोरी। जिला मुख्यालय में बुधवार को पंजाब नेशनल बैंक के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बाइक जलकर पूरी तरह खाक हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार भाजपा समनापुर मंडल उपाध्यक्ष दान सिंह ठाकुर, निवासी भाजीटोला, अपनी पेशन प्रो बाइक से घर से डिंडौरी पहुंचे थे। पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचने के दौरान उन्हें बाइक से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया।
स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तत्काल बाइक को सड़क किनारे खड़ा किया और उससे कुछ दूरी पर चले गए। उनके बाइक से दूर जाते ही अचानक बाइक में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और बाइक धू-धू कर जलने लगी। घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिसके कारण कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। लोगों ने तत्काल आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने प्रयास कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक काफी हद तक जल चुकी थी। घटना के दौरान लोगों की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया। यदि आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती तो आसपास खड़े अन्य वाहनों और बैंक के सामने मौजूद लोगों को भी खतरा हो सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते भी मौके पर पहुंचे और दान सिंह ठाकुर से घटना की जानकारी ली। जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते ने नुकसान पर संवेदना जताते हुए नई बाइक दिलाने की बात कही। बाइक में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।







