कटनी को मिले नए जिला शिक्षा अधिकारी, स्कूल शिक्षा विभाग ने की सच्चिदानंद पाण्डेय पोस्टिंग

कटनी, यशभारत। मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभा मंत्रालय, वल्लभ भवन भोपाल द्वारा आज 18 जून को राज्य में बड़े पैमाने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कटनी जिले को नए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) मिल गए हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) सतना में प्राचार्य के पद पर कार्यरत उप संचालक सच्चिदानंद पाण्डेय को स्थानांतरित किया गया है। उन्हें अस्थाई रूप से, आगामी आदेश तक जिला शिक्षा अधिकारी कटनी के नवीन पद पर तत्काल प्रभाव से पदस्थ किया गया है।
धनश्री जैन का भी हुआ तबादला
इस आदेश में कटनी जिले में पदस्थ सुश्री धनश्री जैन (अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, जिला कटनी) का भी स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें अब सहायक संचालक, कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जिला छतरपुर के पद पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मध्य प्रदेश स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। जारी सूची के अनुसार, डाइट सतना के प्राचार्य व उप संचालक सच्चिदानंद पाण्डेय को कटनी का नया जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बनाया गया है। वहीं, कटनी की अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक सुश्री धनश्री जैन को सहायक संचालक छतरपुर भेजा गया है।
अन्य बदलावों में आकाश सिंह यादव को शिवपुरी, सुश्री ऐश्वर्या मूदड़ा को अशोकनगर, सुश्री आकांक्षा रावत को पन्ना और अमित जैन को टीकमगढ़ में सहायक संचालक पदस्थ किया गया है। इसके अलावा, गौतम बर्वे को डिण्डौरी,पुष्पेंद्र सस्तिया को धार, सिद्धांत बागडे को सतना, अतुल चौधरी को शहडोल तथा सुश्री शीलू शर्मा को राजगढ़ में सहायक संचालक कार्यालय, जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।







