यूपीआई से ट्रांजेक्शन, इंस्टाग्राम पर हजारों की धोखाधड़ी, हर रोज सामने आ रहे सायबर ठगी के मामले, जागरूकता अभियान पर भारी पड़ रही लोगों की लापरवाही

कटनी, यशभारत। साइबर अपराध में हर रोज इजाफा हो रहा है। जागरूकता अभियानों के बावजूद लोग सायबर फ्रॉड के शिकार हो रहे है। पिछले 24 घंटों में पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और अकाउंट से पैसे उड़ाने के 5 अलग-अलग मामले दर्ज किए। कोतवाली थाना क्षेत्र के गायत्री नगर नीरज टॉकीज के पीछे निवासी आतेश सिंह चौहान के बैंक खाते से अज्ञात ठगों ने छलपूर्वक 1 लाख 28 हजार 500 रुपये की राशि पार कर दी। इसी तरह बड़वारा निवासी सुनील कुशवाहा के साथ अज्ञात जालसाज ने धोखाधड़ी करते हुए 79 हजार रुपये का चूना लगा दिया। एक अन्य मामले में कुठला थाना क्षेत्र की गहोई कॉलोनी पन्ना मोड़ निवासी शैलेंद्र कुमार गुप्ता की यूपीआई आईडी हैक कर अज्ञात आरोपी ने 28 हजार 100 रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। कोतवाली थाना क्षेत्र के आजाद चौक निवासी संजय पटेल इंस्टाग्राम पर धोखाधड़ी के शिकार हो गए। ठग ने उनसे 45 हजार 920 रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने सभी पीडि़तों की शिकायत पर अज्ञात व नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से मामलों की जांच की जा रही है।
सिम कार्ड निकालकर गलत इस्तेमाल
विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बंजारी निवासी हित साहू के नाम पर आरोपी प्रहलाद साहू निवासी भैंसवाही ने ढाई साल पहले छलपूर्वक सिम कार्ड निकलवाई और उसका लगातार गलत इस्तेमाल करता रहा। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।







