मिट्टी के दीये खरीदकर एसपी ने किया प्रोत्साहित, धनतेरस एवं दीपावली पर बाजार का जायजा लेने पहुंचे कप्तान

कटनी, यशभारत। धनतेरस एवं दीपावली के मद्देनजर एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कोतवाली एवं माधवनगर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी ने थाना तिराहा, झंडा बाजार, सराफा बाजार, सुभाष चौक, तांगा स्टैंड, इमलिया पटाखा बाजार, एवं माधवनगर बाजार सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने बाजारों में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं नागरिकों की सुविधाओं का निरीक्षण किया और दुकानदारों एवं नागरिकों से संवाद किया। एसपी ने मिट्टी के दीये खरीदकर स्वदेशी उत्पादों एवं छोटे दुकानदारों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से भी दीपावली पर स्थानीय कुम्हारों एवं छोटे व्यापारियों से मिट्टी के दीये खरीदने तथा उनके रोजगार को बढ़ावा देने की अपील की।
सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर निर्देश
एसपी ने बाजारों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिस बल को पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित की जाएए ताकि आम नागरिकों एवं व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर एएसपी कमल मौर्य, डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे एवं यातायात प्रभारी अनूप सिंह ठाकुर सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







