ब्रेकिंग: सीएम निवास पर हाईलेवल बैठक खत्म, हार के कारणों का पता लगाने भाजपा ने बनाई दो सदस्यीय समिति, दतिया की पूरी जिला कार्यकारिणी और सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ होंगे भंग

भोपाल, यशभारत। दतिया की हार ने भारतीय जनता पार्टी में खलबली मचा दी है। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित हाईलेवल बैठक थोड़ी देर पहले समाप्त हो चुकी है। बैठक में दतिया चुनाव में हार पर चर्चा के बाद दो सदस्यीय समिति बना दी गई है। यह समिति चुनाव की जिम्मेदारी संभालने वाले नेताओं से चर्चा के बाद रात्रि तक अपनी रिपोर्ट दे देगी। सूत्र बता रहे हैं कि पार्टी ने दतिया के पूरे भाजपा संगठन को ही बदलने का मन बना लिया है। आज रात ही या कल तक दतिया के भाजपा जिलाध्यक्ष समेत पूरी जिला कार्यकारिणी भंग की जा सकती है। इसके अलावा महिला मोर्चा, युवा मोर्चा समेत सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को हटाया जा सकता है। नरोत्तम मिश्रा के बारे में निर्णय तो दिल्ली से लिया जाएगा लेकिन उनके समर्थकों पर भोपाल से ही गाज गिर जाएगी।
यशभारत को विश्वस्त सूत्रों ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निवास पर कई घंटे चली दतिया चुनाव की समीक्षा बैठक में पराजय के कारणों पर चर्चा की गई। बैठक में सीएम डॉ मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल, अजय जामवाल, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा, केबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, दतिया के भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी समेत अन्य नेता मौजूद थे। बैठक में विचार विमर्श के बाद दिल्ली से मिले निर्देशों के मुताबिक हार के कारणों पर अधिकृत चर्चा करने के लिए दो सदस्यीय समिति बना दी गई है। इस समिति में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे और शाजापुर जिलाध्यक्ष और पूर्व संभागीय संगठन मंत्री चम्बल संभाग अम्बाराव कराड़ा को शामिल किया गया है। यह समिति दतिया चुनाव की जिम्मेदारी संभालने वाले सभी नेताओं से चर्चा कर रही है और संभवतः आज रात तक ही अपनी रिपोर्ट पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को सौंप देगी। सूत्र बताते हैं कि हेमंत खंडेलवाल बिना देर किए इस रिपोर्ट से दिल्ली को अवगत कराएंगे और हो सकता है रात में ही या कल तक दतिया को लेकर बड़ा एक्शन हो जाए। सूत्रों के अनुसार यह निर्णय हो चुका है कि भाजपा जिलाध्यक्ष समेत दतिया की पूरी जिला कार्यकारिणी भंग कर दी जाए। अलावा इसके सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ भी भंग करते हुए दतिया में नए सिरे से नियुक्तियां की जायेंगी। यह फैसला आज रात या कल सुबह तक ले लिया जाएगा।
हमारे सूत्रों ने यह भी बताया कि पार्टी हार के लिए प्रथमतया नरोत्तम मिश्रा को जिम्मेदार मान रही है लेकिन दो सदस्यीय समिति की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नरोत्तम के समर्थकों पर तो तत्काल एक्शन होगा लेकिन नरोत्तम मिश्रा के बारे में अंतिम निर्णय दिल्ली से ही होगा।







