जबलपुरमध्य प्रदेश

उड़ीसा से लाकर जबलपुर में बेचने की थी तैयारी, दो तस्कर गिरफ्तार

लाखों का गांजा बरामद

जबलपुर,यशभारत। क्राइम ब्रांच और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-6 के बाहर मेट्रो बस स्टॉप के पास से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 किलो 761 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.38 लाख रुपये है, जब्त किया है। साथ ही 7,031 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक रेलवे स्टेशन के पास बैग में गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच और सिविल लाइन पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम राजा उर्फ विशाल सोनकर (45) निवासी खटीक मोहल्ला, बेलबाग और रोहित चौधरी (22) निवासी घमापुर बताए। तलाशी के दौरान राजा के ट्रॉली बैग से चार पैकेट और रोहित के पिट्ठू बैग से दो पैकेट गांजा बरामद हुआ। दोनों के पास से नकदी और मोबाइल भी मिले। जब्त गांजे का कुल वजन 12.761 किलोग्राम निकला।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के कंटाबांजी रेलवे स्टेशन से एक व्यक्ति के संपर्क में आकर गांजा खरीदकर जबलपुर में बिक्री के लिए लाए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के साथ गांजा उपलब्ध कराने वाले मोबाइल धारक के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button