बिलासपुर में पकड़े गए कटनी के सटोरिए, भाजपा पार्षद का भतीजा भी आरोपियों में शामिल, दो करोड़ के ऑनलाइन सट्टा कारोबार का खुलासा

कटनी, यशभारत। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सट्टा किंग से जुड़े एक बड़े ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह अंतरराज्यीय नेटवर्क आईपीएल मैचों और ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए करोड़ों रुपये का सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस ने छापामार कार्यवाही करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन आरोपी कटनी के निवासी हैं। बताया जाता है कि बिलासपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा कारोबार संचालित करते पकड़ा गया माधवनगर कटनी निवासी एक युवक कटनी के भाजपा पार्षद का भतीजा है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सकरी थाना क्षेत्र की ओम स्पेस कॉलोनी में छापेमारी की। मौके से 7 लोगों को हिरासत में लिया गयाए जो संगठित तरीके से ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 21 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, एटीएम कार्ड, पासबुक और एक क्रेटा कार क्रमांक एमपी 18 जेडबी 8565 बरामद की है। जब्त किए गए उपकरणों से सट्टे के संचालन और लेनदेन से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के मोबाइल और लैपटॉप में 2 करोड़ रुपये से अधिक के सट्टा लेनदेन का रिकॉर्ड मौजूद है। इससे गिरोह के बड़े स्तर पर सक्रिय होने की पुष्टि की गई है। इस गिरोह का मुख्य आरोपी राहुल छाबड़ा बताया जा रहा है, जो पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश जारी है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने इस मामले में कार्यवाही करते हुए नेटवर्क के सरगना सरकंडा बिलासपुर निवासी 30 वर्षीय राहुल छाबड़ा पिता मोहन लाल छाबड़ा, सागर मप्र हाल मुकाम सकरी निवासी 21 वर्षीय ओमप्रकाश नागवानी पिता विजय कुमार नागवानी, बालाघाट निवासी 37 वर्षीय आशीष सोमानी पिता मनोहर लाल सोमानी, कटनी निवासी 26 वर्षीय कैलाश चावला पिता चंद्र लाल चावला, कटनी निवासी 42 वर्षीय विजय नागवानी पिता केशव नागवानी, कटनी निवासी 19 वर्षीय दिनेश लालवानी पिता माधव दास लालवानी सहित एक विधि से संघर्षरत बालक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) और बीएनएस की धारा 112 के तहत केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।







